
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत बड़ा हनुमान मंदिर के बाहर शनिवार की सुबह एक मवेशी की हड्डी मिली. इस घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया. इधर सूचना पाकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मंदिर के बाहर पहुंचे और इसकी जानकारी मानगो पुलिस को दी गई. सूचना पाकर डीएसपी हेडक्वार्टर-1 वीरेंद्र राम और मानगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. घटना की जानकारी देते हुए हिंदू संगठन के अक्षय कोरा ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना दी गई कि मंदिर के बाहर एक प्लास्टिक में मवेशी की हड्डी फेंकी गयी थी. इस घटना से शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है. किसी असामाजिक तत्व ने ऐसा किया है. इस मामले को लेकर मानगो थाना में एक लिखित शिकायत की जाएगी, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जाए. वहीं मामले में डीएसपी हेडक्वार्टर-1 वीरेंद्र राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपी की पहचान की जाएगी.







