
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपने पूर्वी सिंहभूम सहित पड़ोस के सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में डीवीसी द्वारा विद्युत आपूर्ति करने के संबंध में मांग की. उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि समुचित विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण जिले से उद्योगों का पलायन हो रहा है. पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा क्षेत्र स्थित बहुत सारे उद्योग समुचित विद्युत आपूर्ति के अभाव में गिरिडीह चले गए हैं. इसके कारण क्षेत्र में औद्योगिकरण की गति धीमी हुई है एवं रोजगार का अवसर घटा है. उन्होंने मंत्री को सूचित किया की जेएसईबी द्वारा समूचित मात्रा में विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाती है, जिसके कारण पूर्वी सिंहभूम के साथ-साथ आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से उद्यमी पलायन के बारे में सोचने के लिए विवश हो गए हैं. टाटा स्टील यूटिलिटीज (पहले जुस्को) द्वारा भी उन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति नहीं की जा रही है. अतः डीवीसी को उन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति का लाइसेंस प्रदान किया जाए ताकि डीवीसी उद्यमियों को विद्युत कनेक्शन प्रदान कर सके. इससे आदिवासी बहुल जिला को विकास में मदद मिलेगी. इसके अतिरिक्त सांसद ने पूर्वी सिंहभूम जिला में सोलर पावर प्लांट लगाने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि बहुत सारे जगहों में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र में आज भी बेहतर विद्युत आपूर्ति की सख्त जरूरत है लेकिन समुचित आपूर्ति के अभाव में ऐसा नहीं हो पा रहा है. उन्होंने अपने सौंपें गए ज्ञापन के माध्यम से उन से मांग किया कि चाकुलिया क्षेत्र में काफी बड़े-बड़े भूखंड उपलब्ध हैं. वहां पर सोलर पावर प्लांट का अधिष्ठापन किया जा सकता है. इससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगी जिससे विद्यार्थियों के साथ-साथ किसानों और मजदूरों को भी काफी सहूलियत होगी. ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि वे उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करेंगे और सभी संभावनाओं को तलाश कर उचित निर्णय लेंगे.





