आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. आरआइटी थाना क्षेत्र के पम्मी धर्मकांटा के पास हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई. घटना में कंटेनर चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे कंटेनर वजन कराने के लिए धर्मकांटा की ओर जा रहा था. इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार से संपर्क में आ गया. संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते कंटेनर आग की लपटों से घिर गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से दूर हट गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गयी. चालक का नाम भरत है, जो मध्य प्रदेश का रहने वाला है. (नीचे भी पढ़ें)

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और हाईटेंशन तारों की ऊंचाई को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं भरत के शव को मॉर्चरी में रख दिया गया है. परिजनों के आने का इंतजार है.







