
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी गुरुवार को राजधानी रांची स्थित राजभवन में राज्यपाल रमेश बैस से मिले. डॉ गोस्वामी ने राज्यपाल से राज्य की उच्च शिक्षा पर चर्चा की. उन्होंने राज्यपाल से विभिन्न विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली हेतु सरकार को निर्देश देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण कॉलेजों में नियमित अध्ययन व अध्यापन नहीं हो पा रहा है. राज्य के विश्वविद्यालयों की भूमिका परीक्षा संचालन करने तथा रिजल्ट प्रकाशन तक ही सीमित हो गई है. राज्यपाल से मिलने के पश्चात डॉ गोस्वामी ने कहा कि राज्यपाल राज्य के उच्च शिक्षा में सुधार हेतु गंभीर हैं. डॉ गोस्वामी ने राज्य के उच्च शिक्षा में सुधार हेतु कई सुझाव भी दिए. डॉ गोस्वामी ने राज्यपाल को श्रीमद भागवत गीता का पुस्तक भी भेंट किया.






