
शार्प भारत डेस्क : नये साल में सौर मंडल का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा, जो आज शाम (रविवार, 2 जनवरी) से ही शुरू हो रहा है. यह नजारा पांच जनवरी तक देखा जा सकेगा. इस दौरान चांद बेहत खूबसूरत नजर आने वाला है. शाम को सूर्यास्त के बाद व चंद्रोदय के साथ ही चंद्रमा रास्ते में पड़ने वाले हर ग्रह से मिलता हुआ नजर आएगा. ये नजारे ऐसे होंगे, जो पूरी दुनिया में दिखेंगे. जहां आसमान साफ होगा, वहां बिना दूरबीन के भी चांद और सौर मंडल के ग्रहों का मिलन आसानी से देखा जा सकता है. इन चार दिनों तक हर शाम सूर्यास्त के बाद पश्चिम से आसमान में आने के बाद चांद चार ग्रहों के नजदीक से इस तरह गुजरेगा मानो नए वर्ष पर उनसे मिलते हुए गुजर रहा हो. सबसे पहले यह तेज चमकते शुक्र के पास से गुजरेगा. इसके बाद तीन जनवरी को बुध के पास, फिर चार और पांच जनवरी को यह शनि और बृहस्पति के पास दिखेगा. वहीं, महीने के आखिर में 29 जनवरी को सुबह के वक्त यह मंगल और शुक्र के साथ चमकता दिखेगा.













