
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की बस्तियों में पेयजल कनेक्शन देने के मामले में टाटा स्टील युटिलिटीज (जुस्को) के निर्णय के विरुद्ध स्थानीय विधायक सरयू राय ने रविवार को केबुल बस्ती न्यू डीएस फ्लैट मैदान में जल सत्यग्रह आरंभ किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि जुस्को की ओर से पूर्व में डीएस फ्लैट में घरःघर कनेक्शन देने की बात कही गयी. उसके बाद कंपनी की ओर से कहा गया कि एक प्वाइंट दे दिया जायेगा, जहां से वहां से लोग आपस में पानी बांट लेंगे. जबकि सरकार ने यहां नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेवारी कंपनी को सौंपी है. ऐसे में यदि कंपनी द्वारा लोगों को घर-घर कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो जरूरत पड़ी तो सरकार के पास भी जायेंगे. (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
उन्होंने कहा कि ऐसी दर्जनों बस्तियां है, जहां लोगों को पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उन बस्तियों के लोग सोमवार को उनसे मिलेंगे. वहीं डीएस फ्लैट मामले पर विधायक श्री राय ने कहा कि जुस्को के अधिकारियों ने इस मामले में पुनः विचार करने की बात कही है. उन्होंने सोमवार को अपने निर्णय से अवगत कराने की बात कही है. श्री राय ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पानी मिले, इसके लिए यह जल सत्याग्रह का कार्यक्रम किया गया है. इस दौरान कोविड नियमों का पूरी तरह से ध्यान रखा जा रहा है.




