
जमशेदपुर : जमशेदपुर के खास महल स्थित सदर अस्पताल ओपीडी में विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में सिविल सर्जन समेत कैंसर रोग विशेषज्ञों ने कैंसर रोग के लक्षण कारण एवं बचाव संबंध पर अपनी बातों को रखा. कार्यशाला की शुरुआत सिविल सर्जन समेत अन्य चिकित्सकों ने दीप प्रज्वलित कर की. इसमें स्तन कैंसर, मुंह का कैंसर, यूटरस कैंसर समेत जितने भी प्रकार के कैंसर रोग होते हैं उसकी जानकारी विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों के साथ साझा की. साथ ही विश्व कैंसर दिवस पर एक सप्ताह के लिए शीघ्र जांच कराएं कार्यक्रम का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में लक्ष्य निर्धारित किया गया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच करायी जाये. जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉक्टर एके लाल ने कहा कि विश्व कैंसर दिवस पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यशाला का आयोजन किया गया है. कैंसर अस्पताल से कैंसर रोग विशेषज्ञों द्वारा कैंसर रोग के लक्षण, कारण एवं बचाव संबंध में जानकारी साझा की गई है. उन्होंने बताया विश्व कैंसर दिवस पर एक सप्ताह तक गांव से लेकर शहर तक के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में कैंसर रोग की स्क्रीनिंग की जाएगी और जो भी कैंसर से संबंधित मरीज की पहचान होगी उनका इलाज आरंभ किया जाएगा. उन्होंने आम लोगों से अपील की कैंसर रोग से घबराएं नहीं. अगर किसी तरह के कैंसर से संबंधित अवरोध महसूस हों तो जल्द से जल्द चिकित्सक से संपर्क कर अपना इलाज प्रारंभ करें.




