जमशेदपुर : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया गांव से एक माह पूर्व अपने बच्चों के साथ गायब दो महिलाओं का अब तक पता नहीं चल पाया है. पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने मंगलवार को इस संबंध में बरसोल थाना प्रभारी से मुलाकात कर उनसे मामले में अबतक हुई प्रगति का जायजा लिया.(नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि मानुषमुड़िया से एक माह पूर्व झाड़ग्राम जाने के नाम पर निकली गांव की दो महिलाएं अपने एक-एक बच्चे के साथ गायब हो गयी थीं. थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आज तक उनका पता नहीं चल पाया है. पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी मंगलवार को महिलाओंकेपरिजनों के साथ बरसोल थाना पहुंचे एवं थाना प्रभारी रामदयाल उरांव से मुलाकात की. उन्होंने घटना के एक माह बाद भी महिलाओं का जल्द से जल्द पता लगाने की बात कही. उन्होंने थाना प्रभारी से कहा कि महिलाओं का ऐसे लापता होना मानव तस्करी की ओर इंगित कर रहा है. उन्होंने मामले की हर दृष्टि से जांच कर उन्हें बरामद करने की बात कही. उन्होंने इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक से भी बात की. थाना प्रभारी ने उन्हें अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराते हुए इस संबंध में संदेह के आधार पर दो लोगों के साथ पुलिस बल को महिलाओं के होने के सभावित स्थानों पर भेजने की बात कही. उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं के महाराष्ट्र में होने के संकेत मिले हैं, जहां उनके मोबाइल फोन एवं पैसे छीन लिये गये हैं एवं उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं.




