जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित करीम सिटी कॉलेज के वीमेन सेल की ओर से बुधवार को संवादात्मक कार्यक्रम ‘गुफ्तगू’ का आयोजन किया गया. कॉलेज ऑडिटोरियम में आओजित इस कार्यक्रम का विषय था ‘अ कन्वर्सेशन ऑन जेंडर रोल्स एंड हाउ टु क्वेश्चन देम’. इसमें सर्वप्रथम वीमेन सेल की समन्वयक डॉ कौसर तस्नीम ने प्रतिभागियों का स्वागत करने के साथ ही विषय प्रवेश कराते हुए बताया कि आज की चर्चा समाज में लैंगिक भूमिकाओं को लेकर है. हमारे समाज द्वारा परंपरागत रूप से निर्धारित इन भूमिकाओं का हम पालन करते आ रहे हैं और चाहते हैं कि समाज इसे स्वीकार करे. समाज इसे स्वीकार भी करता है, किन्तु अब जबकि समय बदल चुका है, इन पर पुनर्विचार की आवश्यकता है.(नीचे भी पढ़ें)

आयोजन के मुख्य वक्ता, भौतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ तुफैल अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी परंपराएं इस बात की गवाह हैं कि महिलाओं ने किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कमतर भूमिका नहीं निभाई है, बावजूद इसके हमारा समाज महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग जीवन शैलियां निर्धारित कर देता है. किन्तु, उन्होंने कहा कि आज समय बदल गया है, उसमें जीनेका ढंग भी बदल चुका है. इसके मद्देनजर हमें अब इस पर पुनर्विचार करना होगा कि वर्तमान दौर में किसकी क्या भूमिका होगी या सबकी भूमिकाएं एक जैसी होंगी. अंत में प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज ने लैंगिक भूमिकाओं के पर विचार के लिए आमंत्रित करने के लिए महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों, नेहा तिवारी, फरजाना अंजुम, बसुंधरा राय एवं कौसर तस्नीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि जीवन में विकास तभी संभव है जब पुरुष और महिला दोनों एक दूसरे के साथ चलें. उनके बीच कभी प्रभुत्व या सर्वोच्चता की भावना की कोई जगह न हो. इस आयोजन में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये.












