जमशेदपुर : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की चार सूत्री मांगों के समाधान के लिए बुधवार को संघ का शिष्टमंडल मंत्री बन्ना गुप्ता से मिला. इस क्रम में शिक्षक नेताओं ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कराने का आग्रह किया. संघ के नेता सुनील कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मिलकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कराने की पहल का निवेदन किया. (नीचे भी पढ़ें)
सुनील कुमार ने बताया है कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सारी बातों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक के आयोजन के लिए पहल करते हुए मुख्यमंत्री झारखंड सरकार हेमंत सोरेन को पत्र लिखा. सुनील कुमार ने बताया है कि संघ की चार सूत्री मांगों में शिक्षकों के लिए अन्य कर्मियों की भांति एमएसीपी लागू करना, छठे वेतनमान की विसंगति दूर करना, अंतर जिला स्थानांतरण की कठिनाइयों को समाप्त करना एवं अत्यधिक लिपिकीय एवं गैर शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त करना शामिल है.



