जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर कैम्पस के स्मार्ट सेमिनार हॉल में ई-सिनेट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ. कुलपति प्रो इला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल और तकनीकी साक्षरता को बढ़ावा देना तथा ई-सिनेट प्रणालियों के बारे में जागरूकता पैदा करना था. समारोह की शुरुआत डॉ नूपुर अन्विता मिंज के स्वागत संबोधन के साथ हुई. अपने संबोधन में उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और वर्तमान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक परिवेश में इसके महत्व पर प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के मुख्य तकनीकी सत्र में ईएलसी क्लब की नोडल ऑफिसर डॉ सोनाली सिंह ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया. उन्होंने ई-सिनेट प्रणाली की कार्यप्रणाली, उसके विभिन्न पहलुओं और उसके प्रभावी उपयोग का तरीका व्यावहारिक रूप से समझाया. इस अवसर पर डॉ अमृता कुमारी, डॉ रिजवाना परवीन, अनीता शुक्ला, डॉ अरुणिमा सिंह सहित संस्थान के अन्य संकायों के सदस्य और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. सभी की सक्रिय भागीदारी से यह सत्र अत्यंत सफल और ज्ञानवर्धक रहा. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ अमित गुंजन ने प्रस्तुत किया, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.












