गालूडीह : बड़बिल गांव में चल रहे ठाकरान डुंगरी में जमीन विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। गुरुवार को घाटशिला विधायक रामदास सोरेन बड़बिल गांव पहुंचे। उनके द्वारा सीओ को सूचित कर ठाकरान डुंगरी विवादित जमीन पर चल रहे काम को रोका गया। अंचल अधिकारी ने कहा कि जब तक कोई समाधान नहीं होता तब तक कोई कार्य नहीं होगा। साथ ही जितने भी पौधे काटे गए हैं वे भी वहीं पर पड़े रहेंगे। गालूडीह थाना प्रभारी रोशन खाका भी सीओ संग बड़बिल गांव पहुंचे थे। अधिकारियों द्वारा निर्णय लिया गया कि जनवरी महीने के पहले हफ्ते में सुनवाई होगी। साथ ही सुनवाई के समय ग्रामीण तथा ट्रस्ट दोनों पक्ष को आने को कहा गया है। ग्रामीणों द्वारा विधायक को आवेदन पत्र भी सौंपा गया। (नीचे भी पढ़ें)

आवेदन पत्र के माध्यम से वास्तविक स्थिति की जांच कर पेड़ नष्ट करने तथा अवैध रूप से पेड़ काटने वालों पर कार्रवाई करते हुए जमीन बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई है। गौरतलब हो कि जोड़िसा पंचायत के बड़बिल गांव में मां रंकणी डुंगरी के नीचे की जमीन पर स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट फुलपाल के देवी मठ द्वारा स्कूल निर्माण के लिए वन विभाग के अनुमति से पेड़ काटा जा रहा था, ताकि गांव के बच्चों को शिक्षा मिल सके। उक्त जमीन पर अचानक जेसीबी से समतलीकरण की जानकारी पर बड़बिल के ग्रामीण पहुंचे थे। साथ ही जेसीबी समेत चालक को खदेड़ दिया था। काफी देर तक स्थल पर ग्रामीणों ने धर्मस्थल की जमीन बिक्री करने के आशंका को लेकर हंगामा भी किया था। ग्रामीणों द्वारा कहा गया था कि जमशेदपुर के जो भी लोग ट्रस्ट में है, वह स्थल पर आकर ग्रामीणो से वार्ता करें।











