सरायकेला : शनिवार दोपहर कांड्रा और गम्हरिया के बॉर्डर पर पिंड्राबेड़ा नाला के बगल में किसी असामाजिक तत्वों ने झाड़ियों में आग लगा दी. आग ने भयंकर रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. वही बगल में ईंट कंपनी के नजदीक खड़े लव किशोर महतो एवं रापचा पंचायत के वार्ड सदस्य लोबिन हांसदा ने इसकी सूचना 100 नंबर पर डायल कर दी. वहां से तत्काल गम्हरिया थाना को सूचना दी गई जिस पर गम्हरिया थाना ने इसकी सूचना आदित्यपुर फायर बिग्रेड को दी. मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के शिव शंकर यादव एवं राजेन्द्र प्रजापति ने आग पर पानी की बौछार करते हुए आग को बुझाया, अन्यथा आग सूखी झाड़ियों के चलते गांव तक पहुंच सकती थी जिससे काफी नुकसान हो सकता था. मौके पर गम्हरिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक शैलेंद्र कुमार यादव अपने जवानों के साथ मौजूद रहे.











