
पोटका / जमशेदपुर : कुछ गांव मुख्य सडक से सटे होने के बावजूद विकास में पिछड़ जाते हैं.ऐसा ही एक गांव है आदिवासी बहुल गांव बिंगबुरु.पोटका प्रखंड के चाँदपुर पंचायत स्थित गाँव-बिंगबुरु हाता-टाटा मुख्य सड़क से मात्र चार किलोमीटर ही दूर पर स्थित है फिर भी इस गांव का सर्वांगीण विकास नहीं हो पाया है.गांव के रास्ते की स्थिति दयनीय तो है ही साथ ही उसी रास्ते से रेल लाइन बीच से गुजरती है जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है.वहां एक ओवरब्रिज की जरुरत है. (नीचे भी पढ़ें)

स्वतंत्रता के इतने साल बीत जाने के बावजूद यह गांव एक अच्छे रास्ते के लिए तरस गया.उक्त रास्ता बन जाने से न सिर्फ बिंगबुरु गाँव अपितु राजाबासा, हतनाबेड़ा, चाँदपुर आदि निकटस्थ अनेकों गाँवों के ग्रामीणों के लिए भी जमशेदपुर जाना आसान हो जाएगा.ये सभी जमशेदपुर जानेवाली मुख्य सड़क से जुड़ जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
ग्राम प्रधान कृष्णा बास्के के अनुरोध पर पूर्व जिलापार्षद करुणामय मंडल के नेतृत्व में पिछले दिनों ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विद्युत वरण माहतो से मिलकर उक्त रास्ता के निर्माण की मांग की है.इस संबंध में ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त एक लिखित आवेदन सांसद को दिया गया. विषय की गंभीरता को देखते हुये सांसद ने त्वरित कार्रवाई करते हुये दूरभाष पर पथ निर्माण विभाग के कार्य पालक अभियंता से सम्बंधित रास्ते के बारे में प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाए जाने की संभावनाओं पर बातचीत की. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
सांसद की ओर से आवेदन पर प्राथमिकता के आधार पर समुचित कार्रवाई की अनुशंसा कर ग्रामीण विकास विभाग कार्यालय जमशेदपुर भेज दिया गया.इसकी पुष्टि सांसद कार्यालय की ओर से संजीव ने की है. सांसद द्वारा समस्या के समाधान की त्वरित पहल पर ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंंल ने आभार प्रकट किया. प्रतिनिधि मण्डल में पूर्व पार्षद करुणामय मंडल के साथ बिंगबुरु ग्राम प्रधान कृष्णा बास्के, शिव चरण टुडू एवं रबिन हांसदा भी मौजूद थे.












