सरायकेला : सरायकेला-खरसावां ज़िलें के चांडिल वन क्षेत्र के गुंडा बिहार (डीटाड़) में सोमवार देर रात एक दंतैल जंगली हाथी मृत अवस्था में मिला. हाथी की मौत की खबर से इलाके में हलचल मच गई. प्रारंभिक जांच में बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच यह घटना हुई. मंगलवार सुबह हाथी की मौत की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. (नीचे देखे पूरी खबर)

हाथी को मृत देखकर ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. इस दौरान कई ग्रामीणों ने हाथी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए मौके पर पूजा-अर्चना भी की. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. बिजली के तारों की स्थिति और आसपास के क्षेत्र की भी पड़ताल की जा रही है. वन विभाग के अनुसार, मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है.












