रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : यहां इटोर पंचायत के उलीबेड़ा टोला मानीसाई में मंगलवार देर शाम एक 45 वर्षीया महिला सुरू कुई की गला दबाकर एवं भुजाली से हमला कर हत्या कर दी गयी. बुधवार दोपहर में मृतका के परिजनों ने चक्रधरपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना पाकर पहुंची चक्रधरपुर पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को महिला का शव सौंप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार इटोर पंचायत के उलीबेड़ा टोला मानीसाई निवासी 45 वर्षीया अविवाहिता सुरू कुई अपने पुराने घर में अकेले रहती थी, जबिक उसके भाई का परिवार कुछ दूरी पर नये घर में रहता है. महिला की पड़ोसी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. जमीन विवाद के कारण ही उसके पड़ोसी द्वारा गला दबाकर एवं भुजाली से वार कर उसकी हत्या की गई है. इस संबंध में मृतका के भाई दिलीप बोदरा ने बताया कि वह चक्रधरपुर में काम करता है. बुधवार को काम कर घर लौटा तो बच्चों ने सुरू कुई की हत्या के बारे में जानकारी दी. इसके बाद उसने पुलिस एवं ग्रामीण मुंडा घटना की सूचना दी गयी. हालांकि उसके भाई ने यह नहीं बताया कि उसकी हत्या में कौन लोग शामिल हैं. इस संबंध में चक्रधरपुर थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि चक्रधरपुर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही हैं.













