जमशेदपुर : जमशेदपुर की उपायुक्त बीती देर रात करीब 11 बजे जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंची. निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं कुव्यस्था पर नाराजगी जताते हुए वार्डन एवं किचेन इंचार्ज को जमकर फटकार लगाई. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रात्रि प्रहरी अपने ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं थे. वहीं किचेन व स्टोर रूम में सभी चीजें अस्त व्यस्त एवं गंदगी फैली थी. खाने के बर्तन गंदे पड़े हुए थे, पका हुआ भोजन भी खुले में रखा पाया गया. विद्यालय परिसर में बिजली का दुरूपयोग होते भी पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त द्वारा इस पूरे मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को शो कॉज किया गया है. वहीं केजीबीवी वार्डन एवं किचेन इंचार्ज को डीईओ द्वारा शो कॉज करते हुए संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर आगे विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया गया. केजीबीवी का निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त मध्य रात्रि में जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंची. अस्पताल परिसर की साफ सफाई, होम गार्ड व आउट सोर्सिंग स्टाफ की गैर मौजूदगी, मरीज के साथ बिस्तर पर उनके परिजनों के भी सोते हुए पाए जाने पर उन्होने सख्त नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधक को फटकार लगाई. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त द्वारा मौके पर ड्यूटी रोस्टर की मांग की गई जिसे मौजूद स्टाफ प्रस्तुत नहीं कर पाये, वहीं इमरजेंसी में भी दो दिनों से मरीजों के एडमिट होने की जानकारी मिली. इस पूरी कुव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त द्वारा अस्पताल प्रबंधक को दो दिनों में व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी गयी. उपायुक्त करीब डेढ़ घण्टे तक अस्पताल परिसर में रहीं तथा सभी वार्ड में जाकर उन्होंने वस्तुस्थिति को देखा. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी उनका हाल चाल जाना और अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान जमशेदपुर के धालभूम एसडीओ पीयूष सिन्हा, डीएसई निशु कुमारी, कार्यपालक दण्डाधिकारी ज्योति कुमारी उपस्थित थे.











