अभय तिवारी/गढ़वा : पलामू के सांसद बीड़ी राम के प्रयासों के फलस्वरूप बरवाडीह-चिरिमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन निर्माण के लिए डीपीआर बनाने के लिए सर्वे का काम शुरू हो गया है. सांसद श्री राम इसके लिए लोकसभा के साथ ही रेलवे की जोन एवं डिवीजन स्तरीय बैठकों में उठाने के साथ ही विभिन्न स्तरों पर लगातार पत्राचार करते आ रहे थे. यही नहीं, वे इस मुद्दे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी कई बार मिल कर अनुरोध कर चुके थे. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि पलामू प्रमंडल के लिए बरवाडीह-चिरीमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना के लंबित रहने के कारण उक्त क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ध्यान रहे कि उक्त परियोजना में काफी दूर तक रेल लाइन बिछाई जा चुकी है, जिस पर करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं. लेकिन उसके बाद लंबे समय से उसका काम रुका हुआ है. उक्त रेल परियोजना के पूरा हो जाने से न केवल पलामू प्रमंडल के निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि बिहार और छत्तीसगढ़ राज्यों के संबंधित जिलों के निवासियों को भी इससे काफी सुविधा होगी. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार ब्रिटिश शासन में वर्ष 1942 में ही इस रेल परियोजना पर काम शुरू हुआ था, जिस दौरान चिरीमिरी से विश्रामपुर तक करीब 129 किलोमीटर तक रेल लाइन बिछाई जा चुकी है और वर्ष 1962 से उस रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन भी हो रहा है. वैसे रेल लाइन बिछाने का काम तो 19 किलोमीटर औप आगे अंबिकापुर तक हो चुका है, किन्तु अंबिकापुर से बरवाडीह तक 182 किमी रेल लाइन बिछाने का काम अब तक अधूरा है. रेल मंत्रालय ने बरवाडीह-चिरीमिरी रेल लाइन को अव्यावहारिक व अलाभप्रद मान कर उसके निर्माण का कार्य ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था. लेकिन सांसद बीडी राम के प्रयासों से इस परियोजना पर फिर से काम शुरू हो रहा है.




