जमशेदपुर : जमशेदपुर सिविल कोर्ट में विभिन्न पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए बंपर बहाली निकली है. इसमें कोर्ट के रिक्त लगभग पचास निम्नवर्गीय पदों पर बहाली के लिए आवदेन मंगाये गये हैं. इसके तहत सिविल कोर्ट में चालक, दफ्तरी, आदेशपाल, माली, रात्रि प्रहरी और स्वीपर के रिक्त स्थानों को भरने के लिए आवेदन मंगाये गये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर सिविल कोर्ट में सीधी बहाली के लिए निकाले गये विज्ञापन में सिविल कोर्ट जमशेदपुर के लिए 1 चालक, 3 दफ्तरी, 27 आदेशपाल, 1 माली, फैमिली कोर्ट के लिए 1 चालक, 3 आदेशपाल, कॉमर्शियल कोर्ट के लिए 1 चालक, 2 आदेशपाल, ग्राम न्यायालय के लिए 1 चालक, 2 आदेशपाल, 1 रात्रि प्रहरी, 1 स्वीपर, मोटर वाहन न्यायाधिकरण के लिए 1 चालक, 1 आदेशपाल पद पर बहाली की जानी है. इन पदों के लिए विभिन्न शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ विभिन्न पदों को सामान्य, अनुसूचित जाति/जनजाति, अत्यंत पिछड़ा, ईडब्ल्यूएस के आधार पर वर्गीकृत किया गया है. सभी पदों में नियमानुसार आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
चालक के लिए पात्रता मैट्रिक के साथ एलएमवी का ड्राइविंग लाइसेंस, दफ्तरी के लिए मैट्रिक एवं एक साल का अनुभव, आदेशपाल के लिए मैट्रिक या समकक्ष, रात्रि प्रहरी के लिए मैट्रिक एवं इस क्षेत्र में तीन साल का अनुभव, माली के लिए मैट्रिक एवं क्षेत्र में दो साल का अनुभव, स्वीपर के लिए मैट्रिक एवं दो साल का अनुभव रखी गयी है. आवेदक इन पदों के लिए आगामी 17 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार स्वयं या डाक के माध्यम से 40 रुपये के डाक टिकट लगाकर अपना पत्र कोर्ट में जमा करा सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उम्मीदवारों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को देवनागरी में हस्तलिखित आवेदन पत्र जमा कराना होगा. इसके साथ ही उम्मीदवारों को आवेदन पत्र के साथ तीन पासपोर्ट साइज फोटो भी जमा कराने होंगे, जिनमें एक आवेदन पत्र पर, दूसरा प्रवेश पत्र और तीसरा अतिरिक्त पत्र के साथ जमा करना होगा. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की उम्र 1.8.2022 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए, वहीं पिछड़ी जाति और अत्यंत पिछड़ी जाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र 37 वर्ष और अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है.




