जमशेदपुर : झारखंड में ठंड ने एक बार फिर से दस्तक दी है. प्रदेश के कई इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. राज्य के कई शहरों में एक बार फिर ठंड और कोहरे का असर दिखने लगा है. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को राज्य में खूंटी का तापमान सबसे अधिक 24.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान देवघर में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया. राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा, वहीं अन्य इलाकों का न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच बना रहा. दर्ज आंकड़ों के अनुसार जमशेदपुर का 14.2, बोकारो का 8.5, चाईबासा का 14.4, खूंटी का 10.2, रामगढ़ का 8.1, सिमडेगा का 12.0 एवं डाल्टेनगंज का 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले 4-5 दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है. जमशेदपुर, चाईबासा, रांची व रामगढ़ जिलों में सुबह में हल्का कोहरा छाये रहने की संभावना है. 23 जनवरी से मौसम पूरी तरह से साफ होने की भी उम्मीद जताई जा रही है. आगामी 24 -25 जनवरी से मौसम के एक बार फिर करवट बदलने की बात कही जा रही है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस दौरान हल्के बादल छाये रहने की संभावना है.











