रामगोपाल जेना,चाईबासा/मंझारी:झारखंड मुक्ति मोर्चा मंझारी प्रखंड समिति की बैठक प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र पूर्ति की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य रूप से मझगांव के विधायक निरल पूर्ति मौजूद थे. बैठक को संबोधित करते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का खतियानी जोहार यात्रा चाईबासा में आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में मंझारी प्रखंड से अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे. बैठक के बाद निर्णय लिया गया कि मंझारी प्रखंड से हजारों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चाईबासा जाएंगे. इसको लेकर प्रखंड के सभी पंचायत में प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है. उनकी जिम्मेदारी है कि अपने अपने पंचायत से कार्यकर्ताओं को लेकर चाईबासा पहुंचेंगे. (नीचे भी पढ़े)
विधायक ने कहा कि झारखंड के इतिहास में स्थानीय नीति के ऊपर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1932 खतियान को लागू कर बड़ा कदम उठाया है. इसको लेकर पूरे राज्य में मुख्यमंत्री का स्वागत जोरदार तरीके से आम जनता कर रही है. इसी के तहत खतियानी जोहार यात्रा निकाली जा रही है. पूरे राज्य में इस यात्रा को लेकर जनसमर्थन उमड़ पड़ा है. पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जोरदार स्वागत किया जाएगा. मझगांव विधानसभा के चारों प्रखंड से हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस बैठक को यात्रा को ऐतिहासिक बनाना है. इस मौके पर योगेंद्र नाथ बिरूआ, चंद्र मोहन बिरूआ, अजय दास, कैरा सोय, रमेश बिरूआ, हेमंत बारी, विजय बारी, सनातन बिरूआ, लंका सवैया, सुभाष तामसोय, जांबिरा बोयपाई समेत अन्य मौजूद थे.











