जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राममनोहर लोहिया सेवा संस्थान की ओर से शनिवार 21जनवरी से 23 जनवरी तक 668वां नेत्र ज्योति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. द्रौपदी देवी चिमन लाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन एवं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित होने जा रहा यह नेत्र ज्योति महायज्ञ टाटा पिगमेन्टस लि. के संयोजन में आयोजित होगा. इसके तहत 21 सितम्बर को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों की जांच की जायेगी. नेत्र चिकित्सकों एवं उनके सहयोगियों द्वारा नेत्र जांच के पश्चात 22 जनवरी को चिह्नित मोतियाबिन्द रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण कराया जायेगा. 23 जनवरी को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर उनकी अंतिम जांच की जायेगी एवं उसके पश्चात उन्हें डेढ़ महीने की दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया जायेगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे जरूरतमंद नेत्र रोगियों को शिविर में पहुंचने में मदद करें.



