सरायकेला : सरायकेला के कुदरसाई बाबा बुद्धेश्वर मंदिर के गुंबद की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को कलश यात्रा आयोजित हुई. कलश यात्रा में 1001 महिलाएं एवं कुमारी कन्याएं गाजे-बाजे के साथ जगन्नाथ घाट से जल भर कर बाबा मंदिर पहुंचीं. कलश यात्रा में नौजवान भक्त ध्वज पताका, ढोल, मृदंग, नगाड़ा लिए हर-हर महादेव, बोल-बम के जयकारे लगाते चल रहे थे. जयकारे की गूंज से देर तक वातावरण भक्तिमय होता रहा. बता दें कि पांच दिवसीय महायज्ञ इस कार्यक्रम के पहले दिन भव्य कलश यात्रा के बाद पंचांग पूजन, मंडप पूजन, अधिवास, विधि-विधान से संपन्न हुई. वहीं वेदी पूजन, अग्नि स्थापना, नगर भ्रमण, सांध्य आरती, शांति पाठ एवं प्रतिष्ठा निमित्त रात्रि विधान किये जाएंगे. वेदी पूजन, संपूर्ण प्रतिष्ठान विधान व यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा. बाबा बुद्धेश्वर मंडली ने क्षेत्र के भक्तों से पांच दिन चलनेवाले अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की है.











