रामगोपाल जेना/चाईबासा: झामुमो जिला अध्यक्ष सह विधायक सुखराम उरांव के अध्यक्षता में कार्यक्रम स्थल खूंटकट्टी मैदान चाईबासा में झामुमो पश्चिम सिंहभूम जिला कोर कमेटी की विशेष बैठक हुई. जिसमें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के जिला आगमन एवं खतियानी जोहार यात्रा कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की गई तथा समीक्षा उपरांत तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया.पूरे जिला से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रखंड से लेकर पंचायत एवं ग्राम स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई. वाहनों के पार्किंग हेतु चार स्थलों को चिन्हित किया गया है. चक्रधरपुर- चाईबासा, पन्ड्रासाली- चाईबासा, टाटा-चाईबासा और चीरु -जिला स्कूल रुट से आने वाले वाहन बाईपास चौक होकर आएंगे उनके पार्किंग की व्यवस्था सिकुरसाई फुटबॉल मैदान में की गई है. मंझारी-तांत नगर रुट से आने वालों के लिए बाईतुईबीर मैदान, झींकपानी, असुरा सेरेंगसिया, पुराना चाईबासा तथा पाताहातु की ओर से प्रवेश करने वालों के लिए सरनाडीह और आईटीआई मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. सभास्थल की विधि व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए भी पार्टी के जिला पदाधिकारियों एवं केन्द्रीय सदस्यों तथा अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेवारी सौंपी गई. कार्यक्रम स्थल पर तमाड़बांध के स्थानीय आदिवासी नृत्य मंडली द्वारा पारम्परिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
खतियानी जोहार यात्रा कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आगमन को लेकर आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है जिससे काफी अधिक संख्या में लोगों के जुटने की सम्भावना है, निश्चित रूप से कार्यक्रम ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा. 23 जनवरी की शाम को ही मुख्यमंत्री सिमडेगा से चाईबासा पहुंचेंगे. 24 जनवरी को टाटा कालेज चाईबासा में आहूत प्रशासनिक समीक्षा बैठक में भाग लेने के उपरांत लगभग 1.00 बजे वे खूंटकट्टी मैदान में आयोजित खतियानी जोहार यात्रा को सम्बोधित करेंगे. बैठक में मंत्री जोबा माझी, विधायक दीपक बिरुवा, जिला सचिव सोनाराम देवगम, केन्द्रीय सदस्य सह झारखण्ड आन्दोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग के सदस्य भुवनेश्वर महतो, केन्द्रीय सदस्य पूर्व विधायक बहादुर उरांव, जिला उपाध्यक्ष इकबाल अहमद, दीपक कुमार प्रधान, राहुल आदित्य, दिनेश चन्द्र महतो, योगेन्द्र नाथ बिरुवा, प्रेम गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी, संगठन मंत्री चम्बरु जामुदा, मथुरा कोडांकेल, मानाराम कुदादा, जिला संयुक्त सचिव सुनील कुमार सिरका, इजहार राही, डोमा मिंज, धनीराम बानरा, केन्द्रीय सदस्य मोनिका बोयपाई, मो. फिरोज, कैसर परवेज, रिमू बहादुर थापा, जगमोहन महाराणा, चन्द्रमोहन बिरुवा समेत अन्य उपस्थित थे.












