देवघर : बाबा नगरी देवघर में गणतंत्र दिवस के साथ ही बसंत पंचमी के अवसर पर बाबा मंदिर में उमड़नेवाली भीड़ को संभालने की भी तैयारियां चल रही हैं. देवघर नगर निगम के पदाधिकारी इन दिनों दोनों ही आयोजनों को शांति पूर्वक संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कराने में लगे हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

देवघर के नगर आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, विद्युत नोडल हेड प्रकाश मिश्रा, सिटी मिशन मैनेजर हिमांशु शेखर एवं विद्युत प्रभारी किशोर नारायण खवाड़े के निर्देश पर पूरे शहर में सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे बसंत पंचमी के अवसर पर बाबा धाम आनेवाले यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हो. बता दें कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय त्योहार तो है ही, उसी दिन बसंत पंचमी भी है. बसंत पंचमी के दिन देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने आनेवाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है. इसलिए प्रशासन को इस वर्ष दोनों ही को मद्देनजर रखते हुए तैयारियां करनी पड़ रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि देवघर में बसंत पंचमी पर जुटने वाले यात्रियों के ठहराव स्थल संस्कृत पाठशाला, आरएल सराफ स्कूल, आर मित्रा क्लब ग्राउंड, शिवलोक, मीना बाजार, पानी टंकी एवं मातृ मंदिर स्कूल में अधिक होता है. इसके लिए निगम की ओर से इन सभी क्षेत्रों में हैलोजन लाइटें लगवाई जा रही हैं ताकि कहीं भी अंधेरा न रहे एवं यात्रियों को ठहराव में कोई परेशानी नहीं हो. जानकारी देते हुए सहायक विद्युत प्रभारी कुणाल खवाड़े ने बताया कि नगर निगम प्रशासन देश के विभिन्न भागों से आनेवाले तीर्थयात्रियों को लिए बेहतर सुविधा मुहैया करने के लिए सभी जगह बड़े एलईडी मेटल लाइटें लगवा रहा है एवं यात्रियों की रूट लाइन बीएड कॉलेज से तिवारी चौक, मत्स्य विभाग शिवगंगा एवं मंदिर के आसपास सभी गलियों में लगी लाइटों को चालू कर दिया गया है एवं सभी चौक-चौराहों पर हाईमास्ट लाइटों को भी चालू कर दिया गया है. इसके साथ ही, गणतंत्र दिवस को लेकर भी शहर के मेन रोड, परेड ग्राउंड जाने के मार्ग, स्टेडियम रोड में सभी जगह लाइटें दुरुस्त कर ली गई हैं एवं शहर के चौक चौराहों व शहीद स्मारक को विद्युत सज्जा से 1 दिन पहले रंगीन लाइटों से सजाया जाएगा. 26 जनवरी को पूरा देवघर दूधिया रौशनी से जगमग हो जायेगा.



