चाईबासा : कोल्हान क्षेत्र में माओवादी नक्सलियों के बड़ी संख्या में उपस्थित होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की प्राप्त सूचना के आलोक में चाईबासा पुलिस कोबरा 209 बीएन, 203 बीएन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60 बीएन, 174 बीएन, 197 बीएन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर अभियान संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में बुधवार की सुबह लगभग 08 बजे मुफसिल थानान्तर्गत ग्राम जोजोहातु से अजदबेड़ा के बीच सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा एक आइइडी का विस्फोट किया गया, जिसके चपेट में आने से सीआरपीएफ 197 बीएन के एसआई इंसार अली विस्फोट से जख्मी हो गए तथा सर्च अभियान के दौरान उसी क्षेत्र में एक अन्य जिन्दा पाईप बम आइइडी बरामद किया गया है, जिसे सुरक्षा बलों एवं बम निरोधक दस्ता के सहायता से सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर विनिष्ट किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के रांची पुलिस मुख्यालय एवं झारखंड के सेक्टर सीआरपीएफ के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के पश्चात जख्मी पदाधिकारी को उच्चत्तर इलाज के लिए रांची ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. उक्त जख्मी पदाधिकारी की स्थिति स्थिर है. संचालित नक्सल विरोधी अभियान जारी है.



