जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने सोमवार को साकची थाना परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न अभियानों में बरामद 524 मोबाइल फोन वितरित किये. ये लोगों के चोरी या गुम हुए वे मोबाइल फोन थे, जिन्हें पुलिस ने विभिन्न अभियानों के दौरान बरामद किया था. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर पुलिस ने सोमवार को साकची थाना परिसर में मोबाइल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें जिला पुलिस द्वारा बरामद 524 मोबाइल फोन उनके सही मालिकों में वितरित किये गये. इनमें से 350 मोबाइल फोन शहरी क्षेत्र के हैं. ये ऐसे मोबाइल फोन हैं जो गुम या चोरी हो गए थे और उनके सही मालिकों ने उनके बारे में विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. (नीचे भी पढ़ें)
चोरी या गुम मोबाइल फोनों को बरामद करने के मामले में पहले जमशेदपुर पुलिस सक्रिय नहीं थी. पहले मोबाइल गायब होने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता था, लेकिन एसएसपी प्रभात कुमार ने इस ओर ध्यान केंद्रित करते हुए सभी थानों से गायब हुए मोबाइल फोनों का आंकड़ा निकलवाया, जिससे पता चला कि कुल 2 हजार से अधिक मोबाइल फोन गायब हुए हैं. एसएसपी ने बताया कि इन गायब मोबाइल फोनों की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये है. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने मामले की जांच शुरू की एवं टेक्निकल टीम की भी मदद से पहले जमशेदपुर के आसपास के क्षेत्रों में चालू मोबाइलों को बरामद किया गया. कुछ मोबाइल फोन सिक्किम में मिले तो कुछ कर्नाटक में. कई मोबाइल बेंगलुरु में प्रयोग किये जा रहे थे. इन सभी मोबाइल फोनों को पुलिस ने बरामद कर सोमवार को साकची थाना परिसर में खास कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया. पटमदा व बोड़ाम थाना क्षेत्र से भी गायब मोबाइल लोगों तक पहुंचाये गए हैं. इमामुद्दीन अंसारी का एक लाख रुपए कीमत का आइफोन गायब हुआ था, जिसे पुलिस ने बरामद कर इमामुद्दीन को वापस किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. पहले भी 24 दिसंबर को बिष्टुपुर थाने से 60 ऐसे ही मोबाइल फोन वितरित किये गये थे.











