जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी एमबीए विभाग की ओर से सोमवार को जॉय ऑफ गिविंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रेम के प्रतीक माने जानेवाले वैलेंटाइन्स वीक के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की ओर से वस्तुएं प्रदान की गयीं, जिन्हें 14 फरवरी, वैलेंटाइन्स डे के अवसर पर बुजुर्गों के प्रति प्यार एवं सम्मान प्रदर्शित करने के लिए साकची स्थित ओल्ड एज होम ‘आशीर्वाद भवन’ जाकर बुजुर्गों में वितरित किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता मानवीय मूल्यों को संजीवनी देकर यूनिवर्सिटी को शिक्षा के मूल उद्देश्यों की ओर ले जाने का प्रयास कर रही हैं. इसी कड़ी में सोमवार को उनके निर्देशन में एमबीए विभाग की ओर से जॉय ऑफ गिविंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें सभी शिक्षिकाओं, कर्मियों एवं छात्राओं ने स्वेच्छा से आवश्यक सामग्रियां, जैसे साड़ी, कुर्ता सेट, खाने के सामान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, टूथब्रश, साबुन आदि दान किये. कार्यक्रम का संयोजन एमबीए विभाग की डॉ श्वेता प्रसाद एवं डॉ केया बनर्जी ने किया.











