खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने जिले के सुदूर सीमा क्षेत्र में अभियान चला कर करीब 10 एकड़ वन भूमि में लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया है. पुलिस क्षेत्र में अफीम की खेती करने एवं उन्हें संरक्षण देनेवालों को चिह्नित करने का अभियान शुरू करने जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
सरायकेला खरसावां जिले में साल दर साल अफीम की बढ़ती गैर कानूनी खेती के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में है. जिला पुलिस नशे की गैर कानूनी खेती के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने बुधवार को जिले के खरसावां थाना क्षेत्र के सुदूर नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्र स्थित वन भूमि में की गई अफीम तथा गांजा की खेती के विरुद्ध अभियान चलाया. खरसावां, सीनी एवं आमदा थानों की पुलिस ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाते हुए करीब 10 एकड़ वन भूमि में की गई अफीम की खेती को नष्ट कर दिया. खरसावां थाना प्रभारी पिन्टू मेहता, सीनी ओपी प्रभारी आलोक रंजन चैधरी एवं खरसावां के आमदा ओपी प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने ने खरसावां के सुदूरवर्ती नक्सल क्षेत्र में रायजामा, काडेरकुटी, कैटरगोरा, जोजोबेरा, सकाराडीह के जंगलों में की गई अफीम की खेती को नष्ट किया. (नीचे भी पढ़ें)
खरसावां थाना प्रभारी पिन्टू मेहता ने बताया कि पुलिस को इन क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती किये जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार परइसका सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को अफीम की खेती के विरुद्ध अभियान चलाया. खरसावां थाना प्रभारी पिन्टू मेहता, सीनी ओपी प्रभारी आलोक रंजन चैधरी एवं खरसावां के आमदा ओपी प्रभारी अमित कुमार के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों की टीम ने करीब दस एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया. उन्होंने बताया कि अफीम की खेती करने वाले और इसको संरक्षण देने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. सभी दोषियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.




