जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में बुधवार को वीर बिरसा मुंडा व्याख्यानमाला की कड़ी में दूसरे व्याख्यान का आयोजन किया गया. यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर परिसर स्थित बीएड सेमिनार हॉल में आयोजित व्याख्यान का विषय था- “नई शिक्षा नीति 2020 : आत्मनिर्भर भारत का आधार”. कार्यक्रम की अध्यक्ष कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भरता की धारणा सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि नयी शिक्षा नीति में देश की स्थानीयताओं में रचे-बसे आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय ज्ञान को खासा महत्व दिया गया है. यह एक ओर स्थानीय और स्थायी रोजगार की गारंटी देता है तो वहीं दूसरी ओर समावेशी विकास को भी बल प्रदान करता है. उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की तरह आत्मनिर्भर विश्वविद्यालय की अवधारणा को भी फलित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने जो 11 वोकेशनल कोर्स शुरू किये हैं, उन्हें आगे चल कर छात्राओं के आर्थिक सपोर्ट सिस्टम में विकसित किया जायेगा. अर्न व्हाइल लर्न को नयी शिक्षा नीति के तहत फलीभूत किया जा सकता है. विश्वविद्यालय भविष्य में अपने स्तर से विकसित आर्थिक संसाधन का जरूरतमंद छात्राओं की पढ़ाई में सहयोग के लिए निर्धारित करेगा. इससे पहले मुख्य अतिथि सह मुख्य वक्ता जीजी इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नालॉजी, जबलपुर के निदेशक डॉ नरेंद्र कुमार शुक्ला ने नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों पर विस्तार से बात रखी. उन्होंने कहा कि यह नीति ह्यूमन रिसोर्स से ह्यूमन बीइंग की तरफ शिफ्टिंग है. यह औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त होते हुए भारतीय मूल्यों पर केन्द्रित है. जल्द ही इसके दूरगामी परिणाम दिखेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर कुलपति डॉ गुप्ता ने यूनिवर्सिटी की नयी वेबसाइट भी लांच की. वेबसाइट निर्माण में विश्वविद्यालय के आइसीटी इंचार्ज डॉ राजेन्द्र कुमार जायसवाल और उनकी टीम के परिश्रम की उन्होंने सराहना की. कुलसचिव डॉ अविनाश कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि विषय प्रवेश डॉ सुशील कुमार तिवारी व धन्यवाद ज्ञापन डॉ सनातन दीप ने किया. इस अवसर पर प्रॉक्टर डॉ सुधीर कुमार साहू, परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम सहित सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्राएं मौजूद रहीं.












