बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के ओवरब्रिज एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-18 और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के संगम स्थल बहरागोड़ा में लगाये गये स्ट्रीट लाइट सिस्टम के ठप होने से रात्रि यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विशेष रूप से बहरागोड़ा ओवरब्रिज और उसके आसपास के मुख्य मार्गों पर लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे शाम ढलते ही पूरे इलाके में अंधेरा पसर जाता है.
दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा : एनएच-18 और एनएच-49 बेहद व्यस्त मार्ग हैं, जहां से होकर प्रतिदिन ओडिशा, पश्चिम बंगाल के और हजारों छोटे-बड़े मालवाहक और यात्री वाहन गुजरते हैं. ओवरब्रिज पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है. स्थानीय चालकों का कहना है कि अंधेरा के कारण सड़क के मोड़, गड्ढे और पैदल चलने वाले यात्री स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
रात्रि यात्रियों में असुरक्षा का माहौल : बहरागोड़ा मुख्य चौक और ओवरब्रिज के नीचे से रात के समय बस पकड़ने या अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों में भय का माहौल रहता है. अंधेरा का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने और छिनतई जैसी घटनाओं का डर भी लोगों को सता रहा है. महिला और बुजुर्गों के लिए रात के समय इस मार्ग से गुजरना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन और एनएचएआई से मरम्मत की मांग : स्थानीय ग्रामीण, दुकानदारों और वाहन चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और स्थानीय प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है. लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइटें देखरेख के अभाव में शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं. क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की अविलंब मरम्मत कराई जाए, ताकि रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके.












