जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र सुभाष कॉलोनी में देर रात तक चले ड्रामा के बाद अपने ही पति की हत्या कर घर में बंदकर लाश रखने वाली महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. अब पुलिस उसके पति के शव को अपने कब्जे में लेगी. बताया जाता है कि रात करीब ढाई बजे महिला को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया. महिला मीरा सिंह को पुलिस ने महिला पुलिस कांस्टेबल की मदद से बातों में फंसाया, जिसके बाद उसको गिरफ्तार कर ले गयी. बताया जाता है कि मीरा सिंह मानसिक तौर पर बीमार थी. उसके दो बच्चे है, जिसमें एक बेटा और एक बेटी है. दोनों बंगलुरु में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे है. वहीं, पति अमरनाथ सिंह रियल एस्टेट और ट्रांस्पोर्ट का कारोबारी है. बताया जाता है कि शादी के बाद से महिला ठीक थी, लेकिन बाद में वह मानसिक तौर पर विक्षिप्त हो गयी. उसका इलाज भी चल रहा था. आसपास के लोगों ने बताया कि तीन दिनों से महिला घर के अंदर से बाहर आती थी, लेकिन उसका पति नहीं दिखता था. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
लोगों ने आशंका जतायी कि दो दिनों पहले ही पति को उसने मार दिया है, उसके बाद वह घर पर ही रह रही थी. पुलिस ने जब महिला को गिरफ्तार किया तो अंदर देखा कि एक कमरे में उसने अपने पति को मार दिया है और उसके शरीर को भी जला दिया है. इसके बाद पुलिस ने शव को कमरे में ही बंद कर दिया और सुबह में शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का फैसला लिया. पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि गुरुवार की देर रात को जमशेदपुर के उलीडीह (मानगो) थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी में एक महिला मीरा सिंह ने अपने पति अमरनाथ सिंह की हत्या कर दी. अमरनाथ सिंह की हत्या कर शव को घर में ही रखा और चारों तरफ से दरवाजा बंद कर लिया. जब शव से बदबू आने लगी तब स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुणे में मौजूद अमरनाथ के बेटे को दी. इसके बाद बेटे ने पुलिस को फोन किया. तब उलीडीह और मानगो थाना पुलिस बुधवार की रात घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस स्थानीय लोगों के साथ अंदर घुसी. लेकिन तभी मीरा सिंह ने शोर मचाकर सबको घर से भगा दिया. वह ऊपर से पुलिस पर ही हमला करने लगी थी. इसी बीच स्थानीय लोगों ने शव को देखा. बताते हैं कि शव को जलाने का भी प्रयास किया गया है. पुलिस के पहुंचते ही मीरा सिंह ने सभी को रोक दिया और पुलिस से बहस करने लगी. इलाके के लोगों का कहना है कि मीरा सिंह ने अपने घर के आसपास बिजली का करंट दौड़ा दिया था. इस वजह से कोई घर के अंदर नहीं जा पा रहा था. बाद में घर का बिजली काटा गया. महिला पुलिस बुलाकर पुलिस अंदर घुसी. पुलिस ने मीरा सिंह को हिरासत में ले लिया है. उसे थाने ले जाया गया है. थाने पर उससे पूछताछ की जा रही है.





