रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर नक्सली हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के 8 ठिकानों पर छापामारी की है. एनआइए की टीम ने मंगलवार को जिले के सोनुआ और गोइलकेरा थाना क्षेत्रों में नक्सली संगठन से जुड़े आठ लोगों के घर की तलाशी ली, जिसके दौरान टीम ने कई दस्तावेज, डिजिटल उपकरण व अन्य सामान बरामद किये हैं. बता दें कि 4 जनवरी 2022 को भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर गोइलकेरा प्रखंड के झिलरुआ में नक्सलियों ने उस समय हमला कर दिया था, जब वे एक समारोह में हिस्सा ले रहे थे. हालांकि इस दौरान एक पुलिस जवान भीड़ का फायदा उठाते हुए श्री नायक को वहां से लेकर भागने में कामयाब रहा और हमले में दोनों की जान बच गई थी. लेकिन नक्सलियों ने उनके 2 अंगरक्षकों की हत्या कर उनके हथियार लूट लिये थे. (नीचे भी पढ़ें)
एनआइए कर रही है हमला मामले की जांच
पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर नक्सली हमले की जांच अब एनआइए कर रही है. एनआइए ने हाल ही में नक्सली सदन कोड़ा उर्फ साजन को 3 दिन के रिमांड पर लिया था. नक्सली कुलदीप गंझू को भी एनआइए ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. 22 दिसंबर 2022 को कुलदीप गंझू ने आत्मसमर्पण किया था। बता दें कि एनआइए ने इस मामले में एक जनवरी को 14 आरोपियों के खिलाफ रांची स्थित एनआइए की विशेष अदालत में पूरक चार्जशीट दाखिल किया था.



