जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने हवाई यात्रियों के सुरक्षा चेक-इन के लिए सुरक्षा प्रहरियों द्वारा एक ही गंतव्य पर जाने के लिए दो-दो बार जांच किये जाने से हो रहे उत्पीड़न एवं परेशानी को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डय़न मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है. पत्र में मंत्री से इस ओर ध्यान देते हुए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका व महासचिव मानव केडिया ने नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि केन्द्र सरकार के उत्साह जनक कदमों से हवाई यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही वर्तमान में हवाई अड्डों पर जो व्यवस्था चल रही है, उससे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ रही है और उनका मानसिक उत्पीड़न भी हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस व्यवस्था में एक गंतव्य के लिए यात्री को किसी हवाई अड्डे पर दूसरी प्लेन पकड़नी हो तो उन्हें सुरक्षा चेक-इन के नाम पर दोबारा जांच करानी पड़ती है. यह यात्रियों के लिए परेशानी और मानसिक पीड़ा जैसा होता है, क्योंकि वह पहली बोर्डिंग के दौरान पहले ही सुरक्षा जांच करा चुका होता है. दोनों चैंबर अधिकारियों ने ऐसे में हवाई यात्रियों की दूसरी जांच को अविलंब रोकवाने का आग्रह किया है.











