गालूडीह : घाटशिला थाना अंतर्गत कापागोड़ा जुड़िया नाला के सामने शुक्रवार सुबह के करीब सात बजे एनएच18 पर खड़े बालू लदा हाइवा संख्या जेएच05एगेड6915 में पीछे से आ रहे 25 टन कोयला लदा तेज रफ्तार ट्रक संख्या डब्ल्यूबी23इ1181 ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण टक्कर में ट्रक चालक ट्रक कैबिन में एक घंटे तक फंसा रहा और तड़पता रहा. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर चालक को बाहर निकाला. चालक को हल्की फुल्की चोटें आई है. ट्रक चालक सर्गुण कुमार ने बताया कि झपकी लग गयी थी, इसीलिए दुर्घटना घटी. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं मौके का फायदा उठाकर आसपास के लोग जुटे और जिसे जितनी कोयला हाथ लगी लेकर चलते बने. हालांकि इस दौरान ट्रक चालक ग्रामीणों को रोकता रहा लेकिन ग्रामीणों ने उसकी नहीं सुनी. सूचना मिलते ही घाटशिला पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही कोयला लूट रहे लोगों को खदेड़ा. इसके बाद जेसीबी की सहायता से दोनों ट्रकों को अलग किया गया. दुर्घटना के कुछ समय तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही पुलिस के पहुंचने पर जाम को हटाया गया.












