बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कुमारडुबी पंचायत के पाटपुर गांव स्थित उसकी दुकान से विदेशी शराब और बीयर की कुल 65 बोतलें बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की शाम गुप्त सूचना के आधार पर पाटपुर गांव में मधुसूदन कुईला की दुकान पर छापेमारी की गई. तलाशी के दौरान दुकान से अलग-अलग ब्रांड की 65 बोतल अवैध विदेशी शराब और बीयर मिली. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद पुलिस ने दुकानदार मधुसूदन कुईला को मौके से गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में बरसोल थाना में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा.















