जमशेदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में टाटा स्टील के द्वारा हो रहे विकास कार्यों में स्वयं का श्रेय बटोरने की मंशा से टाटा स्टील को पत्र लिखने पर विधायक सरयू राय की पार्टी भारतीय जनतंत्र मोर्चा (भाजमो) नेताओं ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. भाजमो पूर्वी विधानसभा के संयोजक अजय सिन्हा, पश्चिम विधानसभा के संयोजक मुकुल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर राव, महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजु सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित शर्मा, अनुसूचित जनजाती मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रकाश कोया ने संयुक्त बयान जारी कर कहा की पूर्व मुख्यमंत्री एवं जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रघुवर दास द्वारा जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की जनसुविधाओं के लिए टाटा स्टील के एमडी को चिरौरी-मिन्नत की भाषा में पत्र लिखना हास्यास्पद है और विगत 3 वर्षों में इस क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के बारे में उनकी जानकारी के अभाव का द्योतक है. श्री दास ने वही जनसुविधाएं दिलाने के लिए टाटा स्टील एमडी से आरज़ू किया है, जो या तो हो चुकी हैं या होने की प्रक्रिया में हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वास्तव में चुनाव हार जाने के बाद श्री दास घर में बंद हो गए हैं, उनके इर्द-गिर्द मंडराने वाले ही उनका सूचना स्रोत बन गए हैं. जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में गत 3 वर्ष में ऐसे अनेक काम हुए हैं जो गत 25 साल में नहीं हुए. श्री दास इसकी जानकारी लें. कंपनी जनसुविधाएँ देने का जो काम करती है वह उसकी कृपा नहीं है. वह टाटा लीज समझौता के अनुसार जनता का हक़ है जिसे देने के लिए कंपनी बाध्य है. अब यह हक़ वर्तमान विधायक के नेतृत्व में जनता आगे बढ़कर ले रही है जिसे श्री दास 25 वर्ष में जनता को नहीं दिला सके. ऐसी स्थिति मे इसके लिए इसके लिए श्री दास द्वारा कंपनी एमडी की चरण वंदना करना हास्यास्पद, शर्मनाक और जनता का मनोबल गिराने वाला है. इन्हें लागू कराने के लिए क्षेत्र के वर्तमान विधायक सरयू राय ने गत तीन वर्षों में संघर्ष किया है, धरना-प्रदर्शन किया है और सरकार एवं ज़िला प्रशासन को हस्तक्षेप करने के लिए तैयार कर कंपनी को इन्हें करने के लिए बाध्य किया है जिसका विवरण निम्नांकित हैः- (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
- ग़ैर कंपनी इलाक़ों की बस्तियों यथा मनीफीट, मोहरदा, नामदा बस्ती, महानंद बस्ती, हरिजन बस्ती आदि में पेयजल पहुंचाने की सिफ़ारिश कंपनी से किया है. उन्होने जेम्को, नीलकंठेश्वर अपार्टमेंट भुईयाडीह, लाल भट्ठा, बाबूडीह, छाई बस्ती, इंदर सिंह बस्ती आदि कई बस्तियों का नाम छोड़ दिया है. ज्ञातव्य है कि इन सभी बस्तियों की पेयजल समस्या का समाधान करने की योजनाओं को कंपनी ने मूर्त रूप दे दिया है. कुछ जगह काम हो चुका है, कुछ जगह प्रक्रिया में है और बाक़ी जगहों में पेयजल पहुँचाने का काम दो चार दिनों में शुरू होने वाला है.
- मोहरदा पेयजल परियोजना से स्वच्छ जल देने की गुहार कंपनी से लगाने वाले श्री दास को पता होना चाहिए कि निर्माण के बाद से जर्जर हो चुकी इन टंकियों की सफ़ाई पहली बार कंपनी ने विधायक श्री सरयू राय के निर्देश पर इस वर्ष कराया है. जहां पानी नहीं पहुँच रहा है वहाँ पानी पहुँचाने के लिये अतिरिक्त टंकियों का निर्माण और मोहरदा फ़ेज़ 2 लागू करने का निर्णय हुआ है.
- केबुल टाऊन में घर घर बिजली कनेक्शन देने पर कंपनी तैयार हो गई है. इंकैब के रिज़ोल्यूशन प्रोफेशनल ने एनओसी देने से इंकार कर दिया है. कंपनी इसके लिए नया रास्ता निकाल रही है. ऐसी स्थिति में इसी काम के लिए श्री दास द्वारा एमडी की वंदना करना शोभा नहीं देता.
- जिन बस्तियों में गत 25 साल से बिजली नहीं गई , वहाँ बिजली जा रही है. इंदर सिंह बस्ती में जा चुकी है. मोहरदा में काम शुरू है. बागुनहातु में क्षमता बढी है. अन्य सभी बस्तियों में बिजली देने पर कंपनी राज़ी है. हर माह इसकी मोनिटरिंग बैठक जीएम बिजली बोर्ड के साथ होती है जिसमें कंपनी के बिजली जीएम भी रहते हैं. हाई मास्ट लाईट से लेकर स्ट्रीट लाईट पर चर्चा होती है. 4000 स्ट्रीट लाईट पूर्वी क्षेत्र में लगना किसी भी दिन शुरू हो सकता है. विधायक निधि से 3000 सोलर लाईट लगा है. सब समाचार अख़बारों में छप रहा है. फिर भी श्री दास को पता नहीं है और वे इसके लिए कंपनी के एमडी की कृपा पाना चाहते हैं.












