जमशेदपुर : झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में जमशेदपुर के विधायक सरयू राय के साथ उपायुक्त राजीव रंजन ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी राम जी) रोजगार सृजन अभियान के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह अभियान 15 से 28 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, निदेशक एनईपी एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका के अवसरों एवं वीबी जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाना है. प्रचार रथ के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर ग्रामीण परिवारों को योजना के उद्देश्यों, कार्यों की विभिन्न श्रेणियों एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिकाधिक ग्रामीण परिवार जागरूक होकर अभियान से जुड़ सकें. वीबी जी राम जी अधिनियम, 2025 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में निर्धारित किया गया है. इनमें जल सुरक्षा, सिंचाई, भूजल पुनर्भरण, जल स्रोतों एवं जल निकायों का पुनर्जीवन तथा जलग्रहण क्षेत्र का विकास जैसे कार्य शामिल हैं.(नीचे भी पढ़े)
वहीं ग्रामीण आधारभूत संरचना के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा एवं सामुदायिक सेवाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी गई है. इसी प्रकार आजीविका संबंधी अवसरों के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन, मूल्य संवर्धन, कौशल विकास एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली उत्पादक परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं का निर्माण तथा जलवायु एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, जलवायु अनुकूलन, बाढ़, सूखा, चक्रवात एवं अन्य चरम मौसमी घटनाओं से ग्रामीण समुदायों एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं. योजनाओं के निर्माण में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर इन श्रेणियों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी. इसके निर्धारण में विकास संबंधी विभिन्न मानकों के साथ पीएम गति शक्ति, जीआईएस आधारित तकनीक एवं डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया जाएगा, ताकि योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकताओं एवं विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप हो सके. जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा प्रचार रथ के माध्यम से दी जा रही जानकारी का लाभ उठाने की अपील की, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ समग्र विकास को गति मिल सके.












