जमशेदपुर: मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव ने राजस्व संग्रहण को लेकर कर्मचारियों के साथ एक बैठक की. इस दौरान उन्होंने होल्डिंग टैक्स संग्रहण संबंधित समीक्षा की.बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने नगर प्रबंधक राहुल कुमार को राजस्व संग्रहण की वसूली के औसतन कम संग्रहण पर जानकारी लेते हुए 30 जून तक होल्डिंग टैक्स संग्रहण कार्य को युद्ध स्तर पर करने का निर्देश दिया.पदाधिकारी ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए निकाय स्तर से 30 जून तक होल्डिंग टैक्स जमा करने पर 15 फीसदी तक छूट दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
ऑनलाइन जमा करने पर 10 फीसदी महिला ,वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और सेना के जवानों के लिए 5 फीसदी अतिरिक्त की छूट और ऑफलाइन जमा करने पर 5 फीसदी की छूट दी जाएगी.पदाधिकारी ने बताया कि दिए जाने वाले छूट का व्यापक प्रचार एवं प्रसार किया जाए ताकि 30 जून तक अधिक से अधिक लोग अपना होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर सके. पदाधिकारी ने नगर निगम क्षेत्र के सभी गली ,मोहल्लों, अपार्टमेंट, सोसाइटी आदि में कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करते हुए ज्यादा से ज्यादा राजस्व संग्रहण करने का निर्देश दिया.विदित हो कि नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड सरकार ने होल्डिंग टैक्स के दर को रिवाइज किया गया है जो पूर्व में लागू दर से कम है.











