रांची:भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को झारखंड सचिवालय घेराव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सरकार ने युवाओं किसानों महिलाओं को धोखा देने का काम किया है. चुनाव के पहले हेमंत सोरेन ने बड़े-बड़े वादे किए. लेकिन सत्ता पाते ही लूट खसोट में लग गए. राज्य में पत्थर बालू कोयले की लूट मची हुई है. यह सारा कार्य सरकार के संरक्षण में चल रहा है. जनहित के मुद्दों के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करने और सरकार की लाठी खाने को तैयार है. इस निकम्मी सरकार को जब तक उखाड़ नहीं फेकेंगे तब तक भाजपा के कार्यकर्ता शांति से नहीं बैठेंगे.(नीचे भी पढ़े)

श्री दास ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ सचिवालय घेराव के लिए मार्च किया. इस दौरान पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए, वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई और लाठीचार्ज भी किया गया. लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता टस से मस नहीं हुए. इस घटना में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए. अस्पताल में भर्ती कार्यकर्ताओं का हालचाल पूछा. चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार घायल कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ा है. किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है.











