जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो कपाली रोड निवासी महिला आयशा खातून उर्फ आयसू ने 18 साल से उसके साथ पति के रूप में रह रहे शहजादा खान पर धोखा देकर दूसरी शादी करने एवं विरोध करने पर धमकियां देने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज करायी है. आयशा ने शहजादा पर तेजाब फेंकवा कर चेहरा जला देने व अखबारों में ऐसा-वैसा छपवाकर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
परसुडीह थाना में दर्ज कराई शिकायत में आयशा ने बताया है कि पहले वह कीताडीह मस्जिद रोड में अपने पति के साथ रहती थी, जहां शहजादा खान किसी न किसी बहाने अक्सर उसके घर आ जाता था. इससे तंग आकर उसने पति से शिकायत की तो पति ने वहां का घर बेच कर मानगो कपाली रोड में घर ले लिया और वे लोग वहां रहने लगे. लेकिन शहजादा वहां भी पहुंचने लगा. इस क्रम में उसका शहजादा के साथ प्रेम हो गया और इसी के कारण उसके पति ने उसे छोड़ दिया. वहीं शहजादा की पत्नी ने भी उससे तलाक ले लिया.(नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद विगत 18 वर्षों से वह और शहजादा पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे. इस बीच वह उससे रुपये एवं जेवर आदि बाद में लौटा देने का बहाना बनाकर लेता रहा. लेकिन अब उसे पता चला कि शहजादा उससे छुपा कर आगामी 30 अप्रैल को हल्दीपोखर में किसी लड़की से शादी करने जा रहा है तो उसने शहजादा से खूब झगड़ा किया एवं अपने पैसे-गहने लौटाने की मांग की.(नीचे भी पढ़ें)
इस पर शहजाजा ने खुद को प्रेस रिपोर्टर बताते हुए अखबारों में ऐसा-वैसा छपवाने एवं चेहरे पर तेजाब फेंकवा देने एवं हत्या करा देने की धमकी दे रहा है. आय़शा ने थाना प्रभारी से इसके आलोक में शहजादा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.



