राजनगर : कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की बंपर जीत ने पूरे देश के कांग्रेसियों में उत्साह का संचार कर दिया है. कर्नाटक में भाजपा को मात देते हुए कांग्रेस ने 137 सीटें जीत कर पूर्ण बहुमत हासिल किया. कर्नाटक में मिली जीत की खुशी में शनिवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोतीलाल गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की. सिद्धू कान्हू चौक पर पटाखे फोड़कर एवं लड्डू बांट कर जीत की खुशी मनाई. इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए. (नीचे भी पढ़ें)
इस मौके पर जिलाध्यक्ष विशु हेम्ब्रम ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की प्रचंड जीत 2024 की नींव है. आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह जीतेगी, यह आगामी लोकसभा चुनाव का ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है. आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा मोदी सरकार की विदाई तय है. कर्नाटक में भाजपा ने बेरोजगरी, महंगाई, भ्रष्टाचार जैसे असली और जमीनी मुद्दों के उलट हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति की. परंतु कर्नाटक की जनता ने भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति को सिरे से नकार दिया. अब जनता सिर्फ असली मुद्दे पर ही चुनाव लड़ेगी. इस दौरान जिलाध्यक्ष विशु हेम्ब्रम, जिला महासचिव डोमन महतो, प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल गौड़, मंडलाध्यक्ष राजाराम सरदार, बादल टुडू, पप्पू राय, जितेन महतो, श्यामपद त्रिपाठी, जितमोहन मुर्मू, बासुदेव प्रधान, गणेश जामुदा, रामेश्वर महतो, कन्हाईलाल बारी, सुंदर मुर्मू आदि उपस्थित थे.



