चाकुलिया : ओड़िशा के बालासोर के पास बीती शाम हुई ट्रेन दुर्घटना में कोरोमंडल एक्सप्रेस में सवार चाकुलिया के मुस्लिम बस्ती के 5 मजदूर आंशिक रूप से घायल हो गए हैं. सभी मजदूर काम करने के लिए कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन से चेन्नई जा रहे थे. सभी को परिजन घर ले आए हैं. मिली जानकारी के अनुसार सभी मजदूर ईद के अवसर पर अपने घर आए थे. पर्व मना कर सभी वापस काम पर चेन्नई जा रहे थे. बस्ती निवासी मोहम्मद शाहरुख 25, सेख शहीद 23, मोहर्रम अली 19, मेराज अंसारी 26 और अरबाज अंसारी 26 आंशिक रूप से घायल हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पांचों घायल युवकों ने बताया कि उक्त ट्रेन में वे सभी खड़कपुर से सवार हुए थे. सभी एस2 बोगी में सवार थे. बालासोर के आगे जैसे ही ट्रेन पहुंची जोर का झटका हुआ. ट्रेन की बोगी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी, वे सभी किसी तरह निकले और जिस मालगाड़ी से ट्रेन की टक्कर हुई थी उसके डब्बा के ऊपर जाकर बैठ गए. काफी देर बाद उन्हें वहां से अस्पताल लाया गया. सूचना पाकर मजदूरों के परिजन वहां पहुंचे और शनिवार सुबह सभी को चाकुलिया स्थित घर लाया गया. मोहम्मद शाहरुख का दाहिना पैर टूट गया है, वहीं अन्य युवकों को भी आंशिक चोट लगी है. (नीचे भी पढ़ें)

वही बहरागोड़ा के चार मजदूर भी घायल हुए हैं. उक्त मजदूर चेन्नई के पेपर मिल में काम करने जा रहे थे. दो मजदूरों का इलाज बालासोर में हो रहा है जबकि दो मजदूर को उनके परिजनों ने इलाज के लिए बहरागोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है. स्वास्थ्य केंद्र में उईनाला के सोनू पोलाई 20, रवि देहुरी 21 इलाज के लिए भर्ती है. दोनों ने बताया कि उक्त ट्रेन में बालासोर से सवार हुए थे. बोगी नंबर एस-7 में सवार थे. बालासोर के आगे जैसा ही ट्रेन पहुंची जोर का झटका लगा और वे दोनों ट्रेन के बाहर एक गड्डे में जाकर गिरे. काफी देर बाद उन्हें अस्पताल में लाया गया. वही उईनाला के ही मजदूर मनसा पोलाई और मोहनपुर के बूढ़ा नामक एक मजदूर का इलाज बालासोर के अस्पताल में हो रहा है मजदूरों के परिजन वहां पहुंचे हैं.











