जमशेदपुर : जमशेदपुर के पूर्व सांसद सह वरीय कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने जमशेदपुर के एसएसपी को पत्र लिख कर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशे के बढ़ते अवैध कारोबार एवं उससे जिले कि निवासियों, खास कर युवा वर्ग को हो रहे नुकसान की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराया है. डॉ अजय ने इसके मद्देनजर एसएसपी से जिले में नशा के अवाध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डॉ अजय का लिखा पत्र एसएसपी को सौंपा. डॉ अजय ने पत्र में एसएसपी को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फल-फूल रहे नशे का अवैध कारोबार की जानकारी देते हुए बताया है कि इसका शिकार 20 से 30 साल के युवा अधिक हो रहे हैं. यही नहीं, नशे की लत के कारण कई युवा पहले घर से पैसे लेते हैं, फिर घर के सामान बेचते हैं और अंत में चोरी, लूटपाट, ठगी जैसे अपराध भी करने लगते हैं. उन्होंने कहा है कि यह मामला खतरनाक स्तर तक पहुंचे, इससे पहले हमें अपने जिले में नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ना होगा. उन्होंने इसके लिए जिले के सभा थाना प्रभारियों को शहर में नशे के खिलाफ गंभीरता से अभियान चलाने का निर्देश देने का आग्रह किया है.












