घाटशिला : पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण घाटशिला के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत सिंहपुरा पंचायत के डोंगाडीह निवासी नेगड़ा सबर के गुम हो जाने पर मंगलवार को हरकत में आए भाजपा नेता लखन मार्डी सबर परिवार के साथ घाटशिला अनुमंडल कार्यालय पहुंचे. उन्होंने अनुमंडलाधिकारी सत्यवीर रजक की अनुपस्थिति में एक ज्ञापन सौपकर नेंगड़ा सबर को बरामद कर घर पहुंचाने की मांग अनुमंडल प्रशासन से की. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में भाजपा नेता लखन मार्डी ने पत्रकारों को बताया कि बीते 25 फरवरी को बनमाकड़ी अस्पताल में प्रशासन के द्वारा आयोजित स्वास्थ्य मेला में प्रशासन के द्वारा एक ट्रैक्टर से नेगड़ा सबर समेत अन्य लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था. परंतु रास्ते में ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से नेगड़ा सबर समेत अन्य लोग घायल हो गए थे. लखन मार्डी ने बताया कि घायलों को उचित इलाज के लिए एमजीएम भेजा गया था, परंतु उसके बाद से नेगड़ा सबर का कोई अता पता नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
काफी दिन हो गए परंतु प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है. नेगड़ा सबर के घर नहीं पहुंचने से परिवार वाले काफी परेशान हैं और ग्रामीण काफी आक्रोशित दिखाई दे रहे हैं. लखन मार्डी ने अनुमंडल अधिकारी को एक मांग पत्र सौंप कर जल्द से जल्द नेगड़ा सबर को घर पहुंचाने की मांग की है. इस मौके पर विजय पांडेय, कौशिक कुमार, दीपक दंडपाट समेत काफी संख्या में अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.














