जमशेदपुर: पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जमशेदपुर में 7 अगस्त को ऐतिहासिक होने जा रहे छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह को देखने के लिए पूरे जमशेदपुर शहर की नजरें टिकी हुई हैं. जमशेदपुर की धरती में अब तक का सबसे बड़ा प्रतिभा सम्मान समारोह होगा जहां एक मंच पर एक साथ 3 हजार से अधिक टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 हजार बच्चों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है. जिन्होंने अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है, उनके लिए कल सुबह 8.00 बजे से 10.00 बजे तक ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. 10वीं एवं 12वीं के सीबीएसई,आईसीएसई एवं जैक बोर्ड में 70 फीसदी व उससे अधिक नम्बर प्राप्त करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा. जमशेदपुर जिला टॉपर्स को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. साथ ही साथ जमशेदपुर के उन प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है.(नीचे भी पढ़े)
आलोक दूबे ने कहा पासवा द्वारा 2 लाख से ज्यादा 10वीं एवं 12वीं के बच्चों को अब तक पूरे देश में सम्मानित किया जा चुका है. अब तो कई संस्थाएं हमारी तर्ज पर बच्चों को सम्मानित कर रही हैं जो अच्छी बात है.16 साल तक बच्चों की परवरिश करने के बाद जब बच्चे 10वीं की परीक्षा पास करते हैं और जब इन बच्चों को इतने बड़े मंच पर मान्यता और पहचान मिलती है तो माता पिता के खुशी का ठिकाना नहीं होता है और बच्चों को सम्मानित होता देख इनकी आंखों से आंसू तक निकल जाते हैं. प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए 9 वें क्लास से ही बच्चे और अभिभावकों की तैयारी शुरु हो जाती है जिससे बच्चों को फायदा होता है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा झारखण्ड पासवा 47 हजार से ज्यादा निजी विद्यालयों का राज्य में प्रतिनिधित्व करती है और पासवा का सर्टिफिकेट जब देश के शैक्षणिक संस्थानों में दिखाया जाता है तो बच्चों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है.उन्होंने कहा प्राइवेट स्कूलों की जो भी समस्यायें हैं उसके निराकरण का गंभीरतापूर्वक प्रयास करेगी. प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्वी सिंहभूम जिला पासवा के कार्यों की सराहना की एवं कहा कि बिपिन कुमार, ज्ञानेश्वर दयाल, मेघाली सेन गुप्ता,मींकू कुमार,उमेश प्रसाद,श्वेता वर्मा के नेतृत्व में पूरे जमशेदपुर के पदाधिकारी एवं एक्टिव कार्यकर्ता सम्मान समारोह की सफलता के लिए पूरे जी जान से लगे हुए हैं. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कल 7 अगस्त को पूर्वाह्न 10.30 बजे झारखण्ड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव दीप प्रज्वलित कर सम्मान समारोह का उद्धघाटन करेंगे. इस मौके पर जिला पासवा अध्यक्ष रमण झा ने कहा ऐतिहासिक समारोह में राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, राष्ट्रपति अवार्डी सुश्री फलक फातिमा, पासवा महासचिव नीरज कुमार एवं कई शिक्षाविद विशेष तौर पर बच्चों को सम्मानित करेंगे. सभी बच्चों को मेडल एवं सर्टिफिकेट तथा प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर को मोमेंटो के द्वारा सम्मानित किया जाएगा. पूरी पासवा टीम होनहार भारत के भविष्य का स्वागत करने के लिए पलकें बिछाए हुए तैयार है.संवाददाता सम्मेलन में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष रमण झा, प्रदेश महासचिव सुभाष उपाध्याय मुख्य रुप से उपस्थित थे.



