
जमशेदपुर : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक माह जन जागृति अभियान चलाकर “सेंट्रल ट्रेड यूनियन” के संयुक्त मोर्चा के द्वारा केंद्र सरकार के आमजन, किसान, मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ “महापड़ाव” का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें झारखंड के विभिन्न क्षेत्र से लाखों मजदूरों ने हिस्सा लिया. ज्ञात हो आज ही के दिन “महात्मा गांधी” ने “अंग्रेजों भारत छोड़ो” आंदोलन शुरू किया था और आज “भाजपा गद्दी” छोड़ो नारे के साथ महापड़ाव संपन्न हुआ. इस महापड़ाव में “एटक” सिंहभूम जिला के महासचिव कॉम अंबुज ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में विभिन्न क्षेत्र के मजदूर झंडे डंडे के साथ शामिल हुए. इस महापड़ाव की अध्यक्षता “एटक” के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेंद्र कुमार ने किया. विभिन्न ट्रेड यूनियन के शीर्ष नेता अशोक यादव, राकेश्वर पांडे, प्रकाश्य विप्लव, विश्वजीत देव, सुब्रत विश्वास, संजय विश्वास, आरपी सिंह, संजीव श्रीवास्तव, महेंद्र मिश्रा, उषा सिंह ने अपनी बातें रखी. (नीचे भी पढ़ें)

इस महापड़ाव को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार के मजदूर विरोधी नीतियों, किसान विरोधी नीतियों, सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों बैंक, एलआइसी, कोल, एयरपोर्ट, शिपिंग पोर्ट, रेलवे, शिक्षा संस्थानों के निजीकरण के खिलाफ, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जबरदस्त हमला करते हुए इसके लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया वक्ताओं ने आम जनता और मजदूरों को संगठित होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वाहन किया. इस महापड़ाव में सेंटर ट्रेड यूनियन एटक, सीटू, इंटक, एआईसीसीटीयू, एआईयूटीयूसी, एमएमएस, यूटीयूसी, टीयूसीसी के बैनर तले संगठित, असंगठित, स्टील, बिजली, कोल, किसान मजदूर, ठेका मजदूर, निर्माण मजदूर, शामिल हुए. इस महापड़ाव में एटक के हीरा अरकने, निगमानंद पॉल, रेनू,दुर्गा और सैकड़ों अन्य सदस्य शामिल हुए.












