जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत जेपी रोड निवासी महिला सुनीता पात्रो(33) का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकता मिला, इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. महिला डेढ साल से अनिल सिंह के मकान में किराये पर रह रही थी. इधर मृतका के बेटे राज पात्रो ने कहा कि उसकी मां ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गयी है. और मामले को छिपाने के लिए आत्महत्या का रुप दे दिया गया है. मृतका के बेटे राज पात्रो ने शैलेद्र कुमार सिंह पर शक जताया है. (नीचे भी पढ़े)
मृतका के बेटे राज पात्रो ने बताया कि उसकी मां सुनीता पात्रो करीब डेढ साल से शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ ही रह रही थी. उसने बताया कि मंगलवार की शाम को सुनीता व शैलेंद्र से बीच झगड़ा हुआ था. जिसके बाद महिला ने घर में आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि महिला सुनीता पात्रो अपने पति से विवाद के कारण अलग हो गयी थी. इसके बाद से वह शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ ही करीब डेढ साल से रह रही थी. बेटे की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस शैलेंद्र कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस अधिकारियो का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा होगा.














