जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में दो दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का आयोजन 11 व 12 अक्टूबर को चैम्बर भवन में किया जायेगा. इसकी जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष, व्यापार एवं वाणिज्य अनिल मोदी एवं सचिव भरत मकानी ने बताया कि महिलाओं में उद्यमिता एवं आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चैम्बर के तत्वावधान में विगत कई वर्षों से ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष भी 11 एवं 12 अक्टूबर को इसका आयोजन चैम्बर भवन में किया गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का आह्वान किया है. इस आयोजन के माध्यम से पीएम मोदी के इस आह्वान को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है. इस मेले में मुख्यतः कुम्हारों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये एवं अन्य हस्त निर्मित सजावट के सामान उपलब्ध रहेंगे. (नीचे भी पढ़े)
जिससे न सिर्फ पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार मिलेगा अपितु शहर के लोगों को एक ही स्थान पर दीवाली से संबंधित सभी सामानों को क्रय करने में सुविधा होगी. उन्होंने बताया कि मेले में चादर, होम फर्नीशिंग, हस्त निर्मित पापड़-आचार, लक्ष्मी-गणेश की मिट्टी की मूर्ति, महिलाओं के लिए साड़ी, सलवार सूट, कुर्ती, घर की सजावट के साजों सामान, इलेक्ट्रिक स्कूटर, कॉमर्शियल ऑटो, मिठाई, के अलावा दीपावली से संबंधित और भी सामान मेले में उपलब्ध रहेंगे. मेले में शामिल होने वालों के रोज एक सरप्राईज गिफ्ट जीतने मौका कूपन के माध्यम से मिलेगा. उन्होंने कहा कि मेले में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा. इस दीपावली ट्रेड फेयर को एक अलग तेवर और कलेवर देने की तैयारी चल रही है. उन्होंने बताया कि इस बार का ट्रेड फेयर निश्चित तौर पर अनूठा होगा. (नीचे भी पढ़े)
चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया एवं महासचिव पुनीत कांवटिया ने सदस्यों एवं शहरवासियों से आग्रह किया है कि एक स्वस्थ एवं सार्थक माहौल में दीपावली की खरीदारी करने के लिए दो दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर में शामिल हों एवं वोकल फॉर लोकल के अभियान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें. मेले के आयोजन हेतु मेले की कॉ-ऑर्डिनेटर श्रीमती सुमन नागेलिया एवं दीपक चेतानी भी लगातार मेले की तैयारियों में जुटकर इसकी सफलता हेतु प्रयासरत है.
इस ट्रेड फेयर के सफल आयोजन हेतु सभी पदाधिकारीगण उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.



