सरायकेला : सरायकेला पुलिस ने अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए प्री कल्टिवेशन ड्राइव शुरू किया है. इस अभियान के तहत जिला पुलिस विभिन्न माध्यमों से अफीम की अवैध खेती की रोकथाम और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए आमजन को जागरूक कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को कुचाई थाना अंतर्गत रायसिंदरी गांव, दलभंगा ओपी अंतर्गत पुनीसिर गांव, कांड्रा थाना अंतर्गत हुदू पंचायत भवन और ईचागढ़ थाना अंतर्गत तूता गांव में ग्राम सभाएं आयोजित की गईं. इन सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुंडा, मानकी, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने भाग लिया. अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में अफीम के दुष्प्रभाव और संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया. ग्राम सभा के दौरान गांव के ग्राम प्रधान, मानकी-मुंडा और स्थानीय मुखिया ने लोगों को अफीम की खेती नहीं करने की शपथ दिलाई, इस अवसर पर लोगों ने अफीम की खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया और वैकल्पिक खेती को अपनाने का संकल्प लिया.



